डिस्प्ले मोड (DISPLAY MODE) पढ़ने के लिए अपनी पसंदीदा थीम चुनें

November 9, 2026 9:31 pm

Home » रीवा » रीवा में त्योहार की रात रतहरा क्षेत्र में सुरक्षा में चूक : युवक के पैर में लगी गोली, पुलिस ने शुरू की जांच : क्षेत्र में हड़कंप

रीवा में त्योहार की रात रतहरा क्षेत्र में सुरक्षा में चूक : युवक के पैर में लगी गोली, पुलिस ने शुरू की जांच : क्षेत्र में हड़कंप

SHARE:

ऋतुराज द्विवेदी (राज्य ब्यूरो) रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत रतहरा इलाके में दीपावली की खुशियों के बीच अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। देर रात कुछ युवक एक साथ इकट्ठा होकर पर्व मना रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली 23 वर्षीय कृष्णम सिंह के बाएं पैर में जा लगी। खून से लथपथ युवक को तुरंत संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय पहुँचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है। घायल युवक मूल रूप से इंदिरा नगर, समान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

दीपावली जैसी संवेदनशील रात में रिहायशी क्षेत्र के भीतर फायरिंग की घटना ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस प्रशासन की गश्त और चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

समान थाना पुलिस की तफ्तीश: परिस्थितियों और बयानों पर टिकी जांच
घटना की जानकारी मिलते ही समान थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। समान थाना प्रभारी आशीष मिश्रा के अनुसार, प्रारंभिक सूचना में यही सामने आया है कि कुछ युवक रतहरा में एक जगह एकत्र होकर दीपावली मना रहे थे। उसी दौरान यह हादसा या विवाद हुआ, जिसमें गोली कृष्णम सिंह के पैर में लगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोली किस हथियार से चली, चलाने वाला कौन था और इसके पीछे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा घायल युवक के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मौके पर मौजूद अन्य युवकों से पूछताछ कर रही है।

विंध्य की आबोहवा में अवैध हथियार: शहर से लेकर गांव तक गोलियों की गूंज
रतहरा की घटना कोई पहली वारदात नहीं है। रीवा जिले में अवैध पिस्तौल, कट्टे और असलहों की उपलब्धता लगातार एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। शहर के पॉश इलाकों से लेकर दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों तक बात-बात पर तमंचे लहराना और ट्रिगर दबा देना आम होता जा रहा है।
चाहे आपसी रंजिश हो, जमीन का विवाद हो, नशे की लत में हुई कहासुनी हो या फिर मांगलिक कार्यक्रमों में नुमाइश के लिए की जाने वाली हर्ष फायरिंग—जिले में अवैध हथियारों की तस्करी का जाल गहराता जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर सरेआम हो रही इन घटनाओं से आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

रीवा में पिछले तीन वर्षों के प्रमुख गोलीकांड: एक नजर में टाइमलाइन
जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को समझने के लिए पिछले तीन सालों में सामने आई मुख्य फायरिंग और हत्या की वारदातों पर नजर डालना जरूरी है:

09 नवंबर 2026: समान थाना क्षेत्र के रतहरा में दीपावली की रात फायरिंग, 23 वर्षीय कृष्णम सिंह के पैर में लगी गोली।

04 नवंबर 2026: कोतवाली थाना क्षेत्र की पुरानी सब्जी मंडी में पिस्तौल के साथ शौकिया रील्स/सेल्फी लेते वक्त गोली चली, फल व्यापारी शुभम खटीक पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल।

29 जुलाई 2026: मनगवां नगर में बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।

22-23 जून 2026: सिरमौर चौराहे से शुरू हुआ विवाद जेल रोड से बिछिया तक गैंगवार में बदला; सरेराह चलती गाड़ियों से कई राउंड फायरिंग, उदित चंद जायसवाल घायल।

18 मई 2026: एक निजी पार्टी के दौरान पुलिसकर्मी की उसके ही नजदीकी दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी।

20 मार्च 2026: समान क्षेत्र के गुलाब नगर में चैत्र नवरात्रि कलश यात्रा के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक पेशेवर फोटोग्राफर के पैर में गोली लगी।

14 मार्च 2026: बिछिया थाना अंतर्गत लोही फ्लाईओवर के पास युवक को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां दागी गईं, दो गोलियां लगने से युवक गंभीर घायल हुआ।

02 अगस्त 2025: इंदिरा नगर में शराब ठेकेदार के बेटे आर्यन सिंह बघेल पर जानलेवा हमला कर गोलियां चलाई गईं।

21 अप्रैल 2025: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में सत्यम तिवारी नामक युवक पर बाइक सवार अपराधियों ने सरेराह गोलीबारी की।

04 अप्रैल 2025: बैकुंठपुर के सलैया गांव में अवैध असलहों के लेन-देन के विवाद में सत्यपाल सिंह की गोली मारकर हत्या।

06 नवंबर 2024: आकृति टॉकीज के समीप पुरानी दुश्मनी को लेकर दो गुटों में सरेआम गैंगवार और अंधाधुंध फायरिंग हुई।

जुलाई 2024: विश्वविद्यालय क्षेत्र के खुटेही में कार बाजार संचालक कादिर हुसैन पर जानलेवा हमला; जांच में पत्नी और प्रेमी की साजिश उजागर।

जून 2024: जवा थाना क्षेत्र के जनकहाई गांव में ट्रैक्टर चलाने की मामूली बात पर रामशिरोमणि मांझी की गोली मारकर हत्या।

20 सितंबर 2023: कलेक्ट्रेट परिसर के ठीक सामने चाय की दुकान पर बैठे अनंतपुर निवासी दिव्यांशु सिंह बघेल पर पुरानी रंजिश में फायरिंग।

पुलिस गश्त और असलहा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की मांग
बार-बार दोहराई जा रही इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि रीवा में अवैध असलहों की सप्लाई लाइन को जब तक ध्वस्त नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना नामुमकिन है। स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग ने मांग की है कि त्योहारों और संवेदनशील मौकों पर पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क पर नकेल कसी जाए।

अन्य खबरें

राज्य

शहर चुनें