International yoga day 2024 : योग को अपने जीवन का हिस्सा जरूर बनाएं; डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल

 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रीवा में लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया। जिला स्तरीय आयोजन शासकीय मार्तण्ड क्रमांक 3 स्कूल में आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि के तौर पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने सुबह 6 बजे जिला स्तरीय योग कार्यक्रम की शुरुआत की।

सुबह 6.10 बजे से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में सुबह 7 बजे से 7.45 तक विभिन्न योगाभ्यास कराए गए। जहां योग और उनसे होने वाले लाभ के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।

यहां डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में योग के महत्व को सबके सामने रखा। जिसके बाद आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। योग की परंपरा महर्षि पतंजलि ने शुरू की। वर्तमान समय में जिसे बाबा रामदेव ने आगे बढ़ाया है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी व्यस्तता से दिन भर में 15 या 20 मिनट समय निकालकर योग जरूर करना चाहिए। मैं सबसे अपील करता हूं कि योग को अपने जीवन का हिस्सा जरूर बनाएं।

विश्वविद्यालय में योग प्रदर्शनी का आयोजन

वहीं रीवा के अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में योग दिवस पर दो दिवसीय योग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी केंद्रीय संचार ब्यूरो सूचना प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय रीवा द्वारा लगाई गई है। प्रदर्शनी का शुभारंभ अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुल गुरू प्रो. राजकुमार आचार्य ने किया। जानकारी के मुताबिक यहां आकर लोग योग,योग के प्रकार और उनसे होने वाले लाभ के बारे में जान सकते हैं।