REWA : होली में मारपीट और सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत : अलग-अलग मामलों में 148 लोग अस्पताल में भर्ती

 

REWA NEWS : रीवा जिले में सोमवार को होली के त्योहार के बीच कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 6 लोगों की जान चली गई। कई लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष भी कर रहे हैं। ज्यादातर लोग नशे की वजह से सड़क हादसे का शिकार हुए हैं। वहीं अलग-अलग मामलों में 148 लोग अस्पताल में भर्ती करवाए गए।

संजय गांधी अस्पताल के CMO यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार दोपहर 12 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक हमारे पास 148 मामले आए हैं। जिनमें कुछ मामले सड़क दुर्घटना से संबंधित हैं। वहीं कुछ मामले मारपीट और फूड पॉइजनिंग से संबंधित हैं।

राहत की बात ये रही कि बहुत से मामले ज्यादा गंभीर नहीं थे। इसलिए उन्हें आज सुबह छुट्टी दे दी गई है। वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में भर्ती किया गया है। जिनका इलाज लगातार किया जा रहा है। 6 मृतकों के पोस्टमॉर्टम आज किए गए हैं। सभी की मृत्यु दुर्घटनाओं में हुई है।