REWA : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने SAF मैदान में ध्वज फहराकर ली परेड की सलामी

 

Republic Day Festival Today : आज पूरा देश देशभक्ति के रंग में डूबकर गणतंत्र दिवस मना रहा है। रीवा में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह एसएएफ ग्राउंड में आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया है। ध्वजारोहण के बाद स्कूली छात्रों द्वारा कई रंगारंग प्रस्तुतियां और पुलिस के जवानों के द्वारा आकर्षक परेड भी की गई है ।

उपमुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस समारोह में कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का पर्व पूरे प्रदेश में अध्यात्म और उत्सव के रूप में मनाया गया है। जहां सभी जिलों में प्रभातफेरियां और कलश यात्राएं निकाली गईं। साथ ही विशेष सफाई अभियान चलाकर नदियों और धार्मिक स्थानों पर दीपदान भी किए गए हैं। वहीं ओरछा और चित्रकूट में विशेष आयोजन हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है राम वन गमन पथ के सभी स्थलों का विकास करते हुए धार्मिक नगरी चित्रकूट को विश्वस्तरीय धार्मिक और पर्यटन स्थल का स्वरुप दिया जाएगा। चित्रकूट में प्रतिवर्ष रामायण मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इसी तरह ओरछा में भी राम राजा मंदिर में भी भव्यता प्रदान करने का काम होगा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत हवाई मार्ग और रेल मार्ग से भी यात्रा कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प से राम मंदिर का काम पूरा हुआ है।

बता दें कि कार्यक्रम की तैयारियां लगातार कई दिनों से चल रही थी। जनसम्पर्क अधिकारी ने जानकारी देकर बताया है कि गणतंत्र दिवस पर जिले के सभी शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन किया जा रहा है। वहीं जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोजन रीवा की माध्यमिक शाला अगडाल में दोपहर 12 बजे आयोजित होना है। जहां अगडाल में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन करेंगे।गणतंत्र दिवस की शाम आज भारत पर्व का भी आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम आज शाम 6 बजे नगर निगम रीवा के सभागार में होना है।