REWA : CM राइज स्कूल मनगवां के प्राचार्य से 31 लाख रुपए की धोखाधड़ी, HDB बैंक से शून्य इंटरेस्ट रेट पर लोन का दिया था ऑफर

 

रीवा जिले में CM राइज स्कूल मनगवां के प्राचार्य से 31 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक प्राचार्य के पास HDB बैंक ब्रांच ऑफिस ग्वालियर से एक अज्ञात ठग का फोन आया। कॉलर ने कहा कि आपको बैंक की ओर से शून्य इंटरेस्ट रेट पर लोन का ऑफर दिया जा रहा है। कुछ दस्तावेज वॉट्सएप पर भेजा जा रहा है। उसको खोलकर अच्छे से देख लें।

दस्तावेज सही देख प्राचार्य ने हरी झंडी दे दी। तब कॉलर ने HBD-APK नामक एप भेजा। कहा कि एप को डाउनलोड कर जानकारी भर दे। प्राचार्य ने फार्म भर दिया। कुछ दिन बाद बजाज फाइनेंस और HDFC बैंक से लोन की रकम आई। पर प्राचार्य पूरे मामले से अनजान रहे। कुछ दिन बाद पैसे गायब हो गए। जब दोनों लोन की किस्त के पैसे अकाउंट से कट गए तो प्राचार्य को जानकारी हुई।

पुलिस के पास पहुंचे शिकायत लेकर
समान थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी पटेल ने बताया कि कैलाशचन्द्र अवधिया पुत्र स्व. लक्ष्मीचन्द्र अवधिया 49 वर्ष निवासी मानस नगर शांति नर्सिंग होम के पास बरा 2 जुलाई को शिकायत लेकर पहुंचा। कहा कि वह बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज) मनगवां में प्राचार्य के पद पर कार्यरत है। उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक पीवीवी शाखा रीवा (सतनाम होटल के ऊपर) है।

20 अप्रैल को अज्ञात युवक ने किया फोन
प्राचार्य ने कहा कि 20 अप्रैल को मेरे मोबाइल में अज्ञात युवक का फोन आया। उसने अपना परिचय दिया। कहा कि संजय शुक्ला HDB बैंक ब्रांच ग्वालियर से बोल रहा हूं। कुछ वाट्स एप में दस्तावेज भेजे है। आप उसे पढ़ लीजिए। कहा कि पॉलिसी अगेंस्ट लोन (PDL) 20 लाख रुपए मिल सकता है। आप लेना चाहते है क्या। क्योंकि लोन की ब्याज दर 0% प्रतिशत रहेगा। फिर उसने वाट्सएप में कुछ दस्तावेज भेजे। जिसमें 0% रेड पर लोन के बारे में लिखा था।

आधार और पेन कार्ड भेज दिया
झांसे में आकर प्राचार्य ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, नामिनी का आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट 6 माह का, 3 माह की सैलरी स्लिप, फार्म-16 और अपना फोटो उसी वाट्सएप में भेज दिया। 28 अप्रैल 2023 को दूसरे नंबर से फोन आया। उसने अपना नाम विमल भटनागर बताया। कहा कि फोन से लोन का वेरिफिकेशन करेंगे। कुछ दिनों बाद वाट्सएप में HBD-APK एप की लिंक आई। आरोपी के बताए अनुसार उस एप को इंस्टाल कर लिया।

8 और 9 मई को दो लोन स्वीकृत
एप में मांगी गई सभी जानकारियां और फार्म भर दिया। तब 8 मई 2023 को बजाज फाइनेंस लिमिटेड रीवा उरहट से 9 लाख का व्यक्तिगत लोन मंजूर हो गया। ऐसे में 8,67,700 रुपये खाते में आ गए। उसी दिन किसी कैलाश धाकड नाम के व्यक्ति ने HDFC बैंक मनासा नीमच के खाते में रुपए ट्रांसफर हो गया। इसी तरह 9 मई 2023 को HDFC बैंक से 15,29,893 रुपये का दूसरा लोन स्वीकृत होकर SBI खाते में राशि आई।

एक ही आदमी ने निकाली दूसरी भी रकम
9 मई को 10 लाख रुपए कैलाश धाकड ने अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। वहीं 10 मई को 5 लाख रुपए बृजेश कुमार उमरे निवासी अमानगंज जिला पन्ना के खाते में राशि ट्रांसफर हो गई। इसी तरह 27 मई को खाते में पूर्व से जमा राशि 5.22 लाख रुपए की रकम कैलाश धाकड के खाते में ट्रांसफर हुई। अंत में 31 मई को खाते की शेष रकम दो लाख रुपए बृजेश कुमार उमरे के खाते में ट्रांसफर हो गए।

लोन की रकम के पैसे कटे तो हुई जानकारी
पीड़ित प्राचार्य को धोखाधडी की जानकारी तब लगी, जब उसके खाते से पहली किस्त 22445 रुपए बजाज फाइनेंस और दूसरी किस्त 41,146 रुपए HDFC बैंक की 5 जून और 7 जून को कट गई। वह भागता हुआ बैंक पहुंचा। तब बैंक अफसरों ने बताया कि उसने दो लोन लिया है। जबकि वह कोई लोन ही नहीं लिया था। दोनों लोन फर्जी तरीके से जारी हो गए। यहां तक की वेरिफिकेशन भी नहीं हुआ।