REWA : नाबालिक किशोरी ने निगला जहर, हालत गंभीर : करीबी रिश्तेदार ने शादी का झांसा देकर किया गर्भवती

 

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती 17 साल की रेप विक्टिम को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। उसने जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की। वह 7 महीने की प्रेग्नेंट है। डॉक्टर के मुताबिक, लड़की की हालत नाजुक है। हम उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। 4 जुलाई को मैहर जिले के मुकुंदपुर में नाबालिग ने दुकान से जहर खरीदा और वहीं पर खा लिया था। 3 दिन से वह आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में है। आरोपी उसका करीबी रिश्तेदार है। मुकुंदपुर का रहने वाला है। लड़की और उसका परिवार रीवा जिले के जवा में रहता है। मां ने मीडिया से बातचीत में बताया, 'बेटी के शरीर में बदलाव देखकर जब हमें शक हुआ तो उसने रोते हुए आपबीती बताई। बेटी के गर्भवती होने के बाद भी आरोपी ने 4 जुलाई को उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।'

मां बोली- बेटी ने जहर खाया या उसे खिला दिया, नहीं पता
लड़की की मां का कहना है, 'मुझे तो यह भी नहीं पता कि जहर उसने खाया है या फिर उसे खिला दिया गया है। दुआ कर रही हूं कि वो किसी तरह से जिंदा बच जाए। मैं पिछले 4 दिन से ठीक से सोई नहीं हूं। आंख खुली रखती हूं कि मेरे पलक झपकते ही बेटी को कुछ हो न जाए।' पीड़िता की मां के मुताबिक, 'मामला अप्रैल 2023 का है। मैं और पति रिश्तेदारी में गए थे। इसी समय आरोपी ने बेटी के साथ रेप किया, इसके बाद उसे धमकाते हुए शोषण करता रहा। उसने धमकी दी कि घर में किसी को बताया तो जान से मार देगा।'

आरोपी के परिजन ने शादी से मना किया
पुलिस के मुताबिक, गर्भवती होने के बाद लड़की अंदर से टूट गई। उसे एक ही उपाय नजर आ रहा था कि उसी युवक से शादी कर ले, जिसने उसके साथ रेप किया है। उसने युवक से शादी करने का कहा। वह उसे बाइक से अपने घर मुकुंदपुर ले आया। युवक के घरवालों ने भाई-बहन के रिश्ते का हवाला देकर दोनों की शादी कराने से इनकार कर दिया। लड़की के साथ बुरा बर्ताव करते हुए घर से निकल जाने को कहा। इसके बाद लड़की ने मुकुंदपुर के बाजार में एक दुकान से जहर खरीदकर खा लिया।

आरोपी गिरफ्तार, लड़की बयान देने की हालत में नहीं
रीवा की महिला थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। लड़की फिलहाल बयान देने की हालत में नहीं है। सीएमओ यत्नेश त्रिपाठी के मुताबिक, लड़की को नाजुक हालत में अस्पताल लाया गया था। उसकी हालत अभी भी बहुत अच्छी नहीं है। एडिशनल एसपी अनिल सोनकर के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मैहर जिले के ताला थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। लड़की की हालत ठीक होने पर उसके बयान लिए जाएंगे।