Rewa MP Board Paper Leak 2024 : साइबर पुलिस ने मऊगंज और हनुमना के दो नाबालिकों को उठाया, 5 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

 

REWA NEWS : आज से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं जहां पर पहले दिन ही सोशल मीडिया पर मऊगंज और हनुमाना के दो छात्रों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के हिंदी पेपर के साथ छेड़छाड़ की है जहां पर क्राइम ब्रांच पुलिस ने दोनों युवकों को उठा लिया है। चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

पहले दिन 10 वीं की परीक्षा थी। पहला पेपर हिंदी का था। परीक्षा शुरू होने के साथ ही सोशल मीडिया पर हिंदी के प्रश्न पत्र वायरल होने लगे। टेलीग्राम पर पेपर वायरल होना शुरू हुआ। इसकी शुरुआत इंदौर सहित कई शहरों में हुई। पेपर लीक होने की खबर माध्यमिक शिक्षा मंडल तक पहुंची। माशिमं ने इस बात से साफ इंकार कर दिया। वहीं इंदौर के जिला शिक्षा अधिकारी मंगलेश व्यास ने भी इससे इंकार किया। उनका कहना था कि 9.45 बजे उनके पास भी किसी व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर पेपर लीक होने की सूचना भेजी थी।

हिंदी का प्रश्न पत्र सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल एक्शन में आया। माशिमं ने साइबर क्राइम के पास एफआईआर दर्ज कराई। साइबर क्राइम ने पेपर लीक मामले में प्रदेशभर से पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जिन्होंने सोशल मीडिया में प्रश्न पत्र वायरल किया और भ्रम की स्थिति निर्मित की। इसमें इंदौर सहित प्रदेश के अलग अलग जिलों से इन लोगों को साइबर क्राइम की टीम ने दबिश देकर उन्हें उठाया है। इसमें मऊगंज के भी दो नाबालिग बताए जा रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर अधिकारियों ने तो इसकी पुष्टि नहंी की लेकिन साइबर क्राइम की टीम ने मऊगंज और हनुमना से दो लोगों को पकड़कर अपने साथ ले गई है। इन दोनों के मोबाइल पर संदिग्ध गतिविधियां पेपर लीक मामले को लेकर मिली है। यह दोनों ही छात्र उस ग्रुप से जुड़े हुए थे जिस ग्रुप में पेपर वायरल किया जा रहा था। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

माशिमं ने जारी की विज्ञप्ति
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। कहा है कि 5 फरवरी को हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व जिला इंदौर एवं विभिन्न सोशल मीडिया, ग्रुप पर हाई स्कूल परीक्षा 2024 हिंदी विषय का प्रश्न पत्र वायरल होने की सूचना प्राप्त हुई। वायरल प्रश्न पत्र मंडल की हाईस्कूल परीक्षा 2024 विषय हिंदी से मेल नहीं होता है।

कतिपय असामाजिक तत्वों ने मंडल परीक्षा के प्रश्नपत्रों के वायरल करने संबंधी भ्रामक जानकारी देकर छात्रोंं को गुमराह करने का प्रयास किया है। मंडल ने इस प्रकार के भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के विरुद्ध साइबर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। साइबर पुलिस ने 5 व्यक्तियों को हिरासत मेें लिया है। छात्रों से माशिमं ने अपील की है कि इस भ्रामक एवं असत्य जानकारी से दूर रहें। मंडल का प्रश्न पत्र वायरल नहीं हुआ है।