Rewa News : कॉलेज चौराहे अतिक्रमण मामला; नगर निगम टीम और दुकान संचालकों के बीच जमकर हंगामा : दुकान संचालक की मां ने नगर निगम अधिकारी के छुए पैर

 

रीवा में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और दुकान संचालकों के बीच हंगामें की स्थिति निर्मित हो गई। दुकान हटाने से नाराज एक दुकान संचालक काफी आक्रोशित नजर आया। वहीं एक दुकान संचालक की मां ने नगर निगम अधिकारी के पैर छुए। दरअसल पूरा मामला शहर के कॉलेज चौराहे में मौजूद विवेकानंद पार्क के बगल का है।

जानकारी के मुताबिक नगर निगम की टीम इन दिनों शहर से अतिक्रमण हटाने का काम कर रही है। कॉलेज चौराहे में बुधवार से ही अतिक्रमण हटाया जा रहा था। शुक्रवार को बाकी 10 दुकानों को हटाने जब निगम का अमला पहुंचा तो सत्यम गुप्ता नाम के दुकान संचालक से उनकी बहस हो गई। कुछ मिनटों तक बहस चलती रही। आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

इसी दौरान युवक की मां अरुणा गुप्ता ने नगर निगम के कार्यपालन यंत्री एच के त्रिपाठी के पैर छुए। इस दौरान नगर निगम अधिकारी ने अपने कदम पीछे खीचे। दुकान संचालक ये कहते हुए नजर आए कि हम बेरोजगार हैं। यहां से हमारी दुकानें हटाई जा रही हैं। इसलिए हमें दूसरी जगह उपलब्ध करवाई जाए।​​​​​​​ हमारे पास कोई दूसरा काम नहीं है तो हम क्या करेंगे।

दुकान संचालक सत्यम गुप्ता ने बताया कि मैं बीते 3 सालों से यहां पर एमपी ऑनलाइन की दुकान संचालित कर रहा हूं।​​​​​​​ मैंने काफी मेहनत के बाद अपने ग्राहक जोड़े हैं।​​​​​​​ अब हमारी दुकानों को हटा दिया गया है।​​​​​​​ दुकानें ही हमारी आय का साधन थी।​​​​​​​ हम चाहते हैं कि जल्द हमें कोई दूसरी जगह उपलब्ध कराई जाए।​​​​​​​

पूरे मामले में नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवड़े का कहना है कि शहर से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जो शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है। जिन भी लोगों की दुकानें हटाई जा रही हैं उन्हें कहीं दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है।​​​​​​​ शहर में आए दिन जाम की स्थिति निर्मित ना हो इसके लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है।​​​​​​​