Rewa News : जहर खाने से नव विवाहिता की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका : ससुराल पक्ष दहेज के लिए करते थे प्रतिदिन प्रताड़ित

 

रीवा में इलाज के दौरान सोमवार को एक नव विवाहिता की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक महिला ने जहर खा लिया था। जिसे गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पूरे मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है। मायके पक्ष का आरोप है कि बेटी के घर वाले अक्सर दहेज की मांगकर बेटी को तंग करते थे।

पूरी घटना को लेकर मृतका के पिता गजेंद्र पांडेय ने बताया कि हम सेमरिया के रहने वाले हैं। मेरी बेटी दीपा पांडेय की शादी 2016 में जवा के रहने वाले शुभम मिश्रा से हुई थी। शादी में हमने नगद पैसों समेत ग्रहस्ती का भी सारा सामान दिया था। दहेज के 50 हजार रुपए बाकी रह गए थे। जिसके लिए अक्सर उसे परेशान किया जाता था। वो पति के साथ शहर में किराए के कमरे में रहती थी। मेरी बेटी अक्सर प्रताड़ना की बात मुझे बताती रहती थी। जबकि मृतका के पति शुभम मिश्रा का कहना है कि दीपा को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित नहीं किया जाता था। उसने किसी कारणवश तनाव में आकर जहर खा लिया है।

पुलिस के मुताबिक गंभीर हालत में एक महिला को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हुई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के कथन लिए जा रहे है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।