Rewa News : मौसम ने बदली करवट : नए साल से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू, सुबह से ही रिमझिम बारिश दिखी

 

रीवा में शनिवार सुबह मौसम ने करवट ले ली। सुबह से ही रिमझिम बारिश हो रही है। जानकारी के मुताबिक मौसम विभाग ने भी 28 दिसंबर को बारिश की आशंका जताई थी। जहां पिछले तीन दिनों से आसमान में बादल छाए हुए थे। बारिश के बाद ठंड बढ़ने की संभावना है। हालांकि कृषि विभाग की माने तो रबी की फसलों के लिए ये बारिश अमृत की तरह है।

किसानों की फसलों की सिंचाई की चिंता दूर हो गई है। शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी बारिश का प्रभाव देखने को मिला। रीवा शहर समेत त्योंथर, सेमरिया, सिरमौर, गुढ़ में बारिश हुई। सुबह का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नए साल से कड़ाके की ठंड का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक 31 दिसंबर से सिस्टम के गुजरने के बाद प्रदेश में कोहरे और ठंड का असर बढ़ जाएगा। यानी, नए साल पर लोगों को कड़ाके की ठंड के दौर से गुजरना पड़ सकता है। जारी आंकड़ों के मुताबिक रीवा में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 15.4°C रहा। इसके साथ ही वातावरण में नमी 100% तक रही। वहीं अगले 24 घंटे में 2.6mm बारिश की संभावना है।

5 दिन पहले से बारिश की जानकारी, फिर भी नहीं बनाई व्यवस्था
मौसम विभाग ने 5 दिन पहले ही 28 दिसंबर को बारिश की प्रबल संभावना जताई थी। इसके बाद भी कोई उचित प्रबंध नहीं किए गए। बड़ी मात्रा में धान खुले में रखी रही। जो बारिश की भेंट चढ़ गई। धान की बोरियों में बारिश के बाद भी तिरपाल तक डालने की व्यवस्था नहीं थी। हर साल किसानों से हजारों क्विंटल धान खरीदी जाती है। लेकिन जो व्यवस्था 15 दिन पहले ही बना लेनी चाहिए, वह व्यवस्था बारिश के बाद भी नहीं की गई।