REWA : उप निरीक्षक ने निरीक्षक को मारी गोली, थाने में मचा हड़कंप : घायल निरीक्षक निजी अस्पताल में भर्ती, कारणों का नहीं हो सका खुलासा

 

रीवा। आज दोपहर एसपी कार्यालय के पीछे एवं कंट्रोल रूम के बगल में स्थित सिविल लाइन थाने में उस समय हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई जब जरा सी कहासुनी में उप निरीक्षक ने अपनी रिवाल्वर निकालकर निरीक्षक के ऊपर फायर कर दिया। अचानक हुई इस घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

सिविल लाइन थाने में गोली चलने की घटना की खबर पूरे शहर में जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते सिविल लाइन थाने में मीडिया कर्मी एवं पत्रकारों का हुजूम उमड़ पड़ा।

घायल निरीक्षक थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा  को थाने में पदस्थ अन्य पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में बस स्टैंड के पास स्थित निजी मिनर्वा अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उपनिरीक्षक बृजराज सिंह ने थाना प्रभारी के ऊपर गोली क्यों चलाई फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। नर्सिंग होम से सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती थाना प्रभारी की हालत खतरे से बाहर है।