Rewa में पुलिस जीप में दामाद की चप्पलों से पिटाई का वीडियो वायरल, आरोप- पति और ससुराल वालों ने मिलकर की बेटी की हत्या

 

Rewa News : रीवा में बेटी की मौत पर मायके की महिलाओं ने दामाद को पुलिस जीप में ही चप्पलों से पीटा। उनका आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने मिलकर बेटी की हत्या की है। जिला अस्पताल में रविवार सुबह से ही मायके और ससुराल वालों में तनाव की स्थिति थी। दोपहर होने तक भीड़ बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने महिला के पति को जीप में बैठाया और थाने ले जाने लगी, इतने में भीड़ ने गाड़ी घेर ली। महिलाओं ने पानी की बोटल और चप्पलों से दामाद की पिटाई शुरू कर दी। पुलिस किसी तरह से महिला को पति को बचाकर थाने ले गई।

दीक्षा और ऋषि की शादी पिछले साल ही 2023 में ही हुई थी।

दहेज के लिए परेशान करने का आरोप
भोलगढ़ की दीक्षा पाठक की शादी शहर के विंध्य विहार कॉलोनी के ऋषि मिश्रा से 29 मई 2023 को हुई थी। परिजन के मुताबिक, शनिवार - रविवार की दरमियानी रात 3 बजे उन्हें फोन पर बताया गया कि दीक्षा की तबीयत खराब है। अस्पताल पहुंचे तो बेटी मृत मिली। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज के लिए बेटी को परेशान कर रहे थे। मजबूरी में हमने जमीन बेचकर 5 लाख रुपए दिए थे।

महिला के पति को भीड़ से किसी तरह बचाकर पुलिस थाने ले गई।

महिला के पति से पूछताछ कर रहे

सिविल लाइन थाना टीआई कमलेश साहू के मुताबिक मामले में 304 बी का मामला दर्ज किया जाएगा। प्रथम दृष्टया दहेज प्रताड़ना का मामला लग रहा है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला का पति कॉलेज चौराहे पर पान की गुमटी चलाता है। महिला के घर वालों ने ससुराल पक्ष के पांच सदस्यों- पति, सास-ससुर और जेठ-जेठानी पर हत्या का आरोप लगाया है।

फिलहाल दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। महिला के पति से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।

बहन बोली- दहेज मांग रहे थे ससुराल वाले

मृतक की बहन मीनाक्षी ने बताया, 'शादी के समय पिता ने 5 लाख रुपए नकदी , एक तोला सोना और गृहस्थी का सामान दिया था। फिर भी बहन के ससुराल पक्ष वाले दहेज मांग रहे थे। तीन महीनों से बहन का फोन रिचार्ज नहीं था।

ससुराल वाले लोग बोल रहे हैं कि बहन ने जहर खा लिया, लेकिन असलियत में ससुराल वालों ने उसे पीटा है। फिर अस्पताल में एडमिट कर दिया। उसके शरीर पर चोट के निशान देखे हैं। बहन ने कई बार मारपीट की बात हमें बताई भी थी, लेकिन यह भी बोलती थी कि मैं आत्महत्या नहीं करूंगी। मौत के कई घंटों बाद हमें जानकारी दी गई है।'

ऋषि मिश्रा के बड़े भाई सच्चिंदानद मिश्रा के मुताबिक दीक्षा ने कीटनाशक जहर पी लिया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। मायके पक्ष को जानकारी दी गई।