CM शिवराज का बड़ा ऐलान : मैहर बना 55वां जिला,मैहरवासियों को मिली बड़ी सौगात

 

New district maihar सतना जिले के मैहर को जिला बनाने की मांग को लेकर लंबे अर्से से इंतजार कर रहे मैहरवासियों को शिवराज सिंह चौहान ने आखिरकार बड़ी सौगात दे दी है। जन आशीर्वाद कार्यक्रम के वर्चुअल संबोधन में सीएम शिवराज सिंह चौहान मैहर को जिला बनाए जाने के लिए घोषणा कर दिया है। मैहर को जिला घोषित करने के बाद मैहर के लोगों में जमकर खुशी का माहौल है। लोगों ने पटाखे फोड़कर व मिठाई बांटकर जमकर खुशियां मनाई।

गौरतलब है कि मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी द्वारा लगातार मैहर को जिला बनाने की मांग की जा रही थी। जिसको लेकर विधायक मुख्यमंत्री हाउस के कई बार चक्कर लगा रहे थे और आखिरकार शिवराज सिंह चौहान ने विधायक नारायण त्रिपाठी की मांग पर मोहर लगा दी।

रीवा संभाग में सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और अभी नया बना जिला मऊगंज पांच जिले शामिल हैं। मैहर जिला को मिलाकर 6 जिला हो जाएंगे। सतना जिले में अभी 10 तहसील कोठी, नागौद, उचेहरा, अमरपाटन, रामनगर,रघुराजनगर, रामपुरबघेलान, मैहर, मझगवां, कोठार और बिरसिंहपुर शामिल हैं। मध्यप्रदेश में अभी 54 जिले है। मैहर जिले बनने के बाद प्रदेश का 55वां जिला होगा।

मैहर जिला घोषित होने के बाद मैहर तहसील का पूरा हिस्सा, इसके अलावा उचेहरा का आधा हिस्सा भी मैहर में जाएगा। उचेहरा और परसमिनया सर्किल मैहर जिले में शामिल होगा‌।रामनगर तहसील का पूरा हिस्सा, अमरपाटन का दो तिहाई हिस्सा अर्थात मौहारी कटरा सर्किल और अमरपाटन सर्किल शामिल होगा। ताला सर्किल सतना में ही रहेगा। इसके अलावा शेष हिस्सा सतना जिले में शामिल रहेगा।

मैहर जिला घोषित होने के बाद यहां पर विकास के पंख लगेंगे। मैहर के खाते में सतना जिले की खनिज संपदा का 40 से 50 फीसदी हिस्सा और तीन सीमेंट फैक्ट्रियां है। इससे उसके पास आय के काफी ज्यादा स्त्रोत होंगे। इसके अलावा मैहर में मां शारदा मंदिर होने से वैश्विक पहचान भी बनी रहेगी। लिहाजा यहां विकास की काफी संभावनाएं बढ़ गई है और व्यावसायिक रूप से भी यह तेजी से बढ़ेगा।