एमपी की युवती का ओडिशा के जगन्नाथपुरी में समुद्र बीच पर अर्धनग्न हालत में अधजला शव मिला है। लड़की परिवार के साथ वहां घूमने गई थी। इसी दौरान अचानक लापता हो गई। तीन दिन बाद उसकी लाश मिली है। परिजनों ने रेप की आशंका जताई है। नाराज परिजनों ने रविवार को चक्काजाम कर दिया।
मामला सागर जिले के बीना का है। युवती के भाई ने पूरा घटनाक्रम बताया। उसने बताया कि 19 नवंबर को मैं माता-पिता, बड़ी बहन और रिश्तेदार के साथ गांव के कुछ और लोग जगन्नाथपुरी यात्रा के लिए रवाना हुए थे। 21 नवंबर को हम वहां पहुंच गए। हम सीटी रोड क्षेत्र स्थित शांति पैलेस नाम की होटल में रुके। 23 नवंबर की सुबह 5.42 बज रहे थे। कमरे की बालकनी से कपड़े नीचे गिर गए थे। बहन उसे लेने नीचे गई थी। काफी देर बाद वह नहीं लौटी तो हम लोगों ने सोचा कि चाचा के साथ मंदिर चली गई होगी।

परिवार के कुछ सदस्य वहीं रुक गए थे
मंदिर से जब चाचा अकेले लौटे, तो हमने बहन के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि वे अकेले मंदिर गए थे। इसके बाद हम लोगों ने उसकी बहुत तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। होटल के कैमरे देखें तो वह सीसीटीवी में नीचे आते तो नजर आई, लेकिन उसके बाद कहां गायब हो गई यह पता नहीं चला। उसी दिन शाम को हमने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद 24 नवंबर को पूरा परिवार वहां से बीना लौट आया। परिवार के अन्य सदस्य वहीं रुके हुए थे।
26 नवंबर की शाम को ओडिशा पुलिस ने बताया कि समुद्र किनारे एक युवती की लाश मिली। पुलिस ने उसकी फोटो भी भेजी थी। फोटो देखने के बाद वह उसकी बहन ही निकली। जगन्नाथपुरी में रूके गांव के अन्य लोगों ने भी उसकी शिनाख्त की। इसके बाद परिवार के लोग शनिवार को वहां रवाना हो चुके हैं। वे सोमवार को वहां पहुंचेंगे।
परिजनों ने रेप की जताई आशंका
युवती के भाई ने बताया कि शव को देखकर आशंका है कि उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट की गई। इसके बाद उसका शव जलाकर समुद्र किनारे फेंका गया है। शव अर्धनग्न अवस्था में बुरी तरह जला हुआ है। उसे केमिकल या एसिड से जलाने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रेप की पुष्टि हो सकेगी।

रविवार रात को युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने बीना की बेटी के लिए न्याय मांगा।
युवती की मां का रो-रोकर बुरा हाल
युवती की मां मीडिया से चर्चा करते हुए रोने लगी। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा? उसे इस हालत में किसने छोड़ा है। हम नहा रहे थे। मेरी बेटी कपड़े उठाने के लिए गई, लेकिन वापस नहीं आई। अब हम लोगों को न्याय चाहिए। ओडिशा पुलिस भी हमारी मदद नहीं कर रही।
बीना में आम लोगों ने निकाला पैदल मार्च
बीना की युवती की हत्या के बाद कांग्रेस के साथ स्थानीय लोगों ने आंबेडकर तिराहे से पैदल मार्च निकाला। और सर्वोदय चौराहे पर बैठ गए। उन्होंने करीब एक घंटे सड़क पर बैठकर न्याय की मांग की। एडवोकेट हरिशंकर पटेल ने कहा कि आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बेटी को न्याय नहीं मिलने पर 4 दिन बाद शांतिपूण तरीके से शहर को बंद कराया जाएगा। सभी लोगों ने मिलकर राष्ट्रपति के नाम एसडीओपी प्रशांत सुमन को ज्ञापन सौंपा।


