Himanchal Weather Update : डेढ़ घण्टे अविरुद्ध रहा चंबा-तलेरू मार्ग, अतिवृष्टि के कारण नदी नाले उफान पर
Himanchal Weather Update : चंबा। भारी बारिश के चलते चंबा-तलेरू मार्ग पर छौ के समीप सुबह करीब 7:00 बजे अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया। इससे काफी मलबा एवं पानी सड़क पर आने लगा। इसके बाद मार्ग से होकर गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई।
देखते ही देखते चंबा और तलेरू दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब डेढ़ घंटे के बाद जलस्तर में कमी होने के बाद ही वाहन चालक अपने गंतव्य के लिए रवाना हो पाए। गौरतलब है कि चंबा-तलेरू मार्ग पर छौ के समीप यह झरना बहता है। यह पहाड़ी से पीछे की ओर से आता है।
अकसर बारिश के दौरान पानी का जलस्तर बढ़ जाता है। बुधवार को भी सुबह भारी बारिश से झरने ने रौद्र रूप धारण कर लिया। सड़क पर पानी और मलबा गिरने लगा। सड़क से गुजरते वाहन बाल-बाल बचे। अन्यथा, पानी के जलस्तर से बड़ी घटना घट सकती थी, लेकिन दोनों तरफ वाहन चालक पीछे ही थम गए। पानी के जलस्तर को देखकर लोग काफी घबरा गए और पानी के कम होने का काफी देर तक इंतजार करते रहे। जाम में सरकारी, निजी सहित छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। लगभग डेढ़ घंटे के बाद पानी का जलस्तर कम हुआ। उसके बाद चालक अपने वाहनों के साथ अपने गंत्वय तक पहुंचे।
उधर, लोक निर्माण के सहायक अभियंता संदीप ने कहा कि उक्त स्थान पर झरना है। बारिश के दौरान इसमें पानी बढ़ जाता है। कहा कि बुधवार सुबह पानी का जल स्तर बढ़ने से डेढ़ घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। पानी कम होने के बाद वाहन अपने गंत्वय के लिए रवाना हो पाए।