डिस्प्ले मोड (DISPLAY MODE) पढ़ने के लिए अपनी पसंदीदा थीम चुनें

November 3, 2026 10:44 pm

Home » रीवा » बिजली गुल, भ्रष्टाचार फुल! रीवा में नया चीफ आते ही मची खलबली, सतना में अकूत कमाई करने वाले मिश्रा जी को मिला मलाईदार पद!

बिजली गुल, भ्रष्टाचार फुल! रीवा में नया चीफ आते ही मची खलबली, सतना में अकूत कमाई करने वाले मिश्रा जी को मिला मलाईदार पद!

SHARE:

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के रीवा संभाग में व्यवस्थागत खामियों और जनसमस्याओं के अंबार के बीच प्रशासनिक स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। लंबे समय से मैदानी स्तर पर ट्रांसफार्मर न बदले जाने, बिजली कटौती और योजनाओं के क्रियान्वयन में सुस्ती को लेकर मिल रही शिकायतों का असर अब उच्च स्तर पर दिखाई देने लगा है। विभाग के शीर्ष नेतृत्व ने रीवा क्षेत्र की कमान संभाल रहीं मुख्य अभियंता (CE) को पद से हटाकर उनकी जगह नए अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है।

रीवा संभाग में उपभोक्ताओं की बढ़ती नाराजगी और भोपाल मुख्यालय तक पहुंची रिपोर्ट के आधार पर मुख्य महाप्रबंधक (जबलपुर) ने स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए हैं। इस फेरबदल के बाद विभाग के भीतर हड़कंप की स्थिति है, क्योंकि कमान बदलने के साथ ही अन्य मैदानी अधिकारियों पर भी गाज गिरने की आशंका जताई जा रही है।

प्रमा पांडे का परफॉर्मेंस फेल, विजिलेंस में वापसी
रीवा क्षेत्र की मुख्य अभियंता प्रमा पांडे के कार्यकाल के दौरान योजनाओं की गति धीमी पड़ने और उपभोक्ता शिकायतों का समय पर निराकरण न होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे। विशेषकर ग्रामीण और शहरी इलाकों में खराब ट्रांसफार्मर समय पर न बदले जाने की वजह से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

समीक्षा बैठकों में विभागीय परफॉर्मेंस निराशाजनक पाए जाने के बाद भोपाल स्तर पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई थी। इसके परिणामस्वरूप, प्रमा पांडे को मुख्य अभियंता रीवा के प्रशासनिक पद से मुक्त करते हुए वापस प्रवर्तन (विजिलेंस) शाखा रीवा में पदस्थ कर दिया गया है।

शहडोल से प्रमिल कुमार मिश्रा की रीवा एंट्री
प्रमा पांडे के स्थान पर शहडोल में मुख्य अभियंता के पद पर कार्यरत प्रमिल कुमार मिश्रा को रीवा का नया मुख्य अभियंता नियुक्त किया गया है। प्रमिल कुमार मिश्रा का रीवा आगमन विभागीय हलकों में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रशासनिक आदेश के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से रीवा क्षेत्र की कमान संभालने के निर्देश दिए गए हैं। रीवा संभाग में वर्तमान में बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली और अवसंरचनात्मक सुधार से जुड़ी कई चुनौतियां मौजूद हैं, जिन्हें संभालना नए मुख्य अभियंता की प्राथमिकता होगी।

सतना से जुड़ा विवादित इतिहास और कमाई का रिकॉर्ड
नवनियुक्त मुख्य अभियंता प्रमिल कुमार मिश्रा का पिछला कार्यकाल विवादों से अछूता नहीं रहा है। इससे पहले वे सतना जिले में कार्यपालन अभियंता (DE) और अधीक्षण अभियंता (SE) के पदों पर पदस्थ रह चुके हैं। सतना पदस्थापना के दौरान उनकी कार्यशैली को लेकर विभागीय स्तर पर कई चर्चाएं और शिकायतें दर्ज की गई थीं।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, सतना में रहते हुए उनकी कार्यप्रणाली पर जांच की स्थिति भी निर्मित हुई थी। पॉश इलाकों में अचल संपत्तियों की खरीद और बड़े उपभोक्ताओं व विभागीय लेन-देन से जुड़े मामलों को लेकर वे पूर्व में भी सुर्खियों में रह चुके हैं। ऐसे में उनकी रीवा पदस्थापना को लेकर विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच विभिन्न तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

अन्य अफसरों पर भी मंडराया गाज का खतरा
मुख्य अभियंता के तबादले के बाद अब रीवा बिजली विभाग के अन्य अधीनस्थ अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी समीक्षा के दायरे में आ गई है। पश्चिम संभाग सहित शहर व ग्रामीण वृत्त के कई अधिकारियों की संपत्ति और विभागीय कार्यशैली को लेकर शिकायतें लगातार उच्च अधिकारियों तक पहुंच रही हैं।

विभागीय सूत्रों का संकेत है कि प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में कुछ और कार्यपालन अभियंताओं और सहायक अभियंताओं के तबादले या अनुशासनात्मक कार्रवाई देखने को मिल सकती है। उपभोक्ताओं की सहूलियत और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना नए प्रबंधन के लिए सबसे बड़ी परीक्षा होगी।

 

अन्य खबरें

राज्य

शहर चुनें