डिस्प्ले मोड (DISPLAY MODE) पढ़ने के लिए अपनी पसंदीदा थीम चुनें

November 19, 2026 12:12 am

Home » रीवा » रीवा के संजय गांधी अस्पताल का काला सच: सरकारी ड्यूटी छोड़ प्राइवेट अस्पतालों में ‘मेवा’ खा रहे जूनियर डॉक्टर, 3,000 रुपए रोज का है खेल!

रीवा के संजय गांधी अस्पताल का काला सच: सरकारी ड्यूटी छोड़ प्राइवेट अस्पतालों में ‘मेवा’ खा रहे जूनियर डॉक्टर, 3,000 रुपए रोज का है खेल!

SHARE:

मध्य प्रदेश के रीवा जिले स्थित श्याम शाह मेडिकल कॉलेज (SSMC) और उससे संबद्ध संजय गांधी अस्पताल (SGH) से जुड़ा एक ऐसा सनसनीखेज सच सामने आया है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलकर रख देता है। कागजों पर मरीजों की जान बचाने वाले ये ‘जूनियर डॉक्टर’ (PG स्टूडेंट्स) असल में सरकारी अस्पतालों से गायब रहकर शहर के आधा सैकड़ा से अधिक महंगे प्राइवेट अस्पतालों को चला रहे हैं। हाल ही में मेडिसिन विभाग के HOD डॉ. मनोज इंदुलकर पर हुई कार्रवाई के पीछे की असली वजह इन डॉक्टरों की मनमानी और उनकी क्लास लगाना बताया जा रहा है।

संजय गांधी अस्पताल से गायब रहते हैं पीजी छात्र, प्राइवेट अस्पतालों में चलती है धाक
रीवा के संजय गांधी अस्पताल में रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन उन्हें डॉक्टर नहीं मिलते। इसके पीछे की मुख्य वजह यह है कि मेडिकल कॉलेज की करीब 150 पीजी सीटों पर पढ़ने वाले ये छात्र अस्पताल की वार्ड ड्यूटी से नदारद रहते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, ये छात्र घर पर आराम नहीं करते, बल्कि शहर के उन नामी प्राइवेट अस्पतालों में अपनी सेवाएं देते हैं जिन्हें खुद वरिष्ठ (सीनियर) डॉक्टरों ने खोल रखा है। स्थिति यह है कि रीवा के विहान अस्पताल, रीवा अस्पताल, भगवती अस्पताल और वरदान चिल्ड्रेन हॉस्पिटल जैसे तमाम निजी संस्थानों की ओपीडी, आईपीटी और यहां तक कि बड़े-बड़े ऑपरेशन तक यही जूनियर डॉक्टर संभाल रहे हैं।

हर दिन के 3,000 रुपए और सीनियर डॉक्टरों का बड़ा गठजोड़
इस पूरे खेल का सबसे बड़ा ईंधन ‘पैसा’ है। श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के कई सीनियर डॉक्टर खुद तो सरकारी व्यवस्था की धज्जियां उड़ा ही रहे हैं, साथ ही अपने निजी अस्पतालों में इन जूनियर डॉक्टरों को प्रलोभन देकर बुलाते हैं।

एक जूनियर डॉक्टर को प्राइवेट अस्पताल में एक दिन की ड्यूटी या सेवा देने के एवज में सीधे तौर पर 3,000 रुपए तक का भुगतान किया जाता है। कई जगह मंथली सैलरी का भी हिसाब है। विहान अस्पताल (डॉ. राकेश पटेल का संस्थान) समेत कई अन्य अस्पतालों में इन जूडा डॉक्टरों की नाइट और डे शिफ्ट फिक्स होती है। सरकारी अस्पताल की अटेंडेंस महज औपचारिकता बनकर रह गई है। जो फाइनल ईयर और सेकंड ईयर के पीजी छात्र रीवा के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल (SGH) में इमरजेंसी और आईसीयू संभालकर मरीजों को जीवनदान देने के लिए अधिकृत हैं, वे मोटी रकम के चक्कर में प्राइवेट क्लिनिकों में ऑपरेशन थिएटर गुलजार कर रहे हैं।

डॉ. मनोज इंदुलकर क्यों बन गए थे जूडा की आंखों की किरकिरी?
हाल ही में मेडिसिन विभाग के HOD डॉ. मनोज इंदुलकर के खिलाफ जो माहौल बनाया गया और उन्हें पद से हटाया गया, उसके पीछे की असली कहानी अब बाहर आ रही है। डॉ. इंदुलकर इन जूनियर डॉक्टरों की मनमानी और अस्पताल से लगातार गायब रहने की आदतों से सख्त नाराज थे।

उन्होंने ड्यूटी से नदारद रहने वाले पीजी छात्रों पर न केवल नकेल कसनी शुरू की थी, बल्कि ताबड़तोड़ नोटिस जारी कर उनकी जवाबदेही तय करने का प्रयास किया था। जूडा की इस ‘भ्रष्ट और बेपरवाह’ कार्यशैली में डॉ. इंदुलकर सबसे बड़ा रोड़ा बन रहे थे। छात्रों को अपनी इस खुली छूट पर खतरा मंडलता दिखा, तो उन्होंने एक महिला डॉक्टर के मामले को मोहरा बनाकर पूरा सिस्टम हिला दिया और अंततः कड़क मिजाज HOD को रास्ते से हटवा दिया।

HOD बदलते ही जूडा को मिली ‘फ्रीस्टाइल’ आजादी
जैसे ही कॉलेज प्रशासन ने दबाव में आकर डॉ. इंदुलकर को मेडिसिन विभाग के HOD पद से हटाया, जूनियर डॉक्टरों और उनके संरक्षकों की बांछें खिल गईं। अब हालात यह हैं कि एक बार फिर से वही पुरानी मनमानी और मनचाहे समय पर अस्पताल आने-जाने का दौर शुरू हो गया है। सरकारी महकमे में यह चर्चा आम हो गई है कि जो डॉक्टर अपनी पढ़ाई और मरीजों की सेवा के लिए रीवा आए थे, वे चंद रुपयों के लालच में दलालनुमा प्राइवेट प्रैक्टिस के मोहरे बन चुके हैं। आने वाले दिनों में इस खुलासे के तहत उन तमाम प्राइवेट अस्पतालों और जूनियर डॉक्टरों के नामों का कच्चा-चिट्ठा भी सामने आने की उम्मीद है, जो सरकारी कुर्सी पर बैठकर निजी तिजोरियां भर रहे हैं।

 

अन्य खबरें

राज्य

शहर चुनें